“अनिता, यार जल्दी करो, ऐसे तो दोपहर का शो भी निकल जाएगा !” विजय
अपनी पत्नी अनिता से बोला !
“बस अब सब्जी कट ही गई, इसे गैस चढ़ाकर तैयार हो जाऊंगी, टेंसन नॉट,
समय पर पहुँच जाएंगे !” अनिता सब्जी काटते हुवे कह रही थी कि तभी, “आह...!” अचानक
चाकू हाथ पर लग गया !
“अरे अनिता..... ध्यान कहाँ था..? छोड़ो ये सब्जी, चलो मै दवा लगा देता
हूँ !” विजय चौकता हुवा बोला, और फिर जख्म पर दवा लगाकर पट्टी किया ! इसके बाद
सब्जी काटकर गैस पर चढ़ा दिया ! इधर अनिता तैयार होने की कोशिश में थी !
“अरे यार, बोलना चाहिए न... हाथ में ताजे घाव की पट्टी है, फिर
भी....” विजय बोल ही रहा था कि अनिता बीच में ही बोल पड़ी, “तैयार तो होना ही था,
और अब तो हो भी गई, बस ये चूड़ियाँ....?”
“लाओ, आज अपनी प्यारी बीवी को मै अपने हाथों से चूड़ियाँ पहनाऊंगा..!”
कहके, विजय चूड़ी पहनाने लगा !
“विजय...कहाँ हो भाई..?” संजय, सुनिता के साथ कमरे में प्रवेश करते
हुवे बोला, “अरे ये क्या कर रहे हो..?” चूड़ी
पहनाते देख थोड़ा चौका और फिर बोला, “खैर ! ये लो तुम्हारी गाड़ी की चाभी, हमारी
ट्रिप हो गई..! अच्छा, बहुत थक गए हैं, अभी चलते हैं !” कहकर, संजय सुनिता को
खींचते हुवे चल दिया !
“देखा, कितना प्यार करते हैं विजय भाई अनिता से, और एक तुम...” सुनिता
बाहर आकर संजय से बोली!
“चुप रहो... प्यार है कि जोरू की गुलामी....नपुंसक कहीं का !” कहते
हुवे संजय का सीना गर्व से तन गया !
-पियुष द्विवेदी ‘भारत’
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें